सामने आई सच्चाई तो उड़ गए सबके होश

सिंधुदूर्ग :महाराष्ट्र के सिंधुदूर्ग जिले के एक जंगल से अमेरिकन महिला को रेस्क्यू किया गया था। 50 वर्षीय महिला जंगल में लोहे की जंजीर से पेड़ से बंधी मिली थी। अब इस महिला ने पुलिस को बताया है कि उसने खुद को जंजीर से बांधा था और इस घटना में कोई और शामिल नहीं था। पुलिस अधिकारी ने महिला द्वारा आत्म-क्षति पहुंचाने के इस कृत्य के लिए उसकी मानसिक स्वास्थ्य स्थिति का हवाला दिया है। ऐसा बताया जा रहा है कि महिला मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही है।

एक चरवाहे ने 27 जुलाई को जंगल में जब उसकी चीखें सुनीं तो मामला सामने आया। पेड़ से बंधी महिला काफी कमजोर दिखाई दी। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस ने उसे बचाया और अस्पताल ले गई। सिंधुदुर्ग पुलिस ने शनिवार को महिला का बयान दर्ज किया, जिसमें उसने बताया कि वह तीन ताले और लोहे की जंजीर लेकर आई थी और उसने एक ताले और जंजीर का इस्तेमाल करके खुद को सोनुरली गांव के पास जंगल में एक पेड़ से बांध लिया। पुलिस ने उसके पास से उसके अमेरिकी पासपोर्ट की फोटोकॉपी और तमिलनाडु के पते वाला आधार कार्ड बरामद किया है। उसके पास से उसके अमान्य हो चुके वीजा की कॉपी भी बरामद हुई है।

पति को लेकर महिला का खुलासा

महिला की बरामदगी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से कुछ मीटर की दूरी पर लोहे की चेन को बंद करने के लिए इस्तेमाल की गई चाबियों की एक जोड़ी बरामद की थी। अपने बयान में अमेरिकी महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि उसका कोई पति नहीं है। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उसकी मां अमेरिका में रहती है, लेकिन अभी तक परिवार के किसी भी सदस्य ने पुलिस से संपर्क नहीं किया है। इस बीच, महिला को रत्नागिरी के क्षेत्रीय मानसिक अस्पताल में लाया गया, जहां उसका मनोरोग विभाग में इलाज चल रहा है।

महिला ने पहले क्या बताई थी कहानी?

पुलिस अधिकारी ने बताया कि कभी-कभी महिला को मतिभ्रम का अनुभव होता है और ऐसे ही किसी स्थिति में उसने कहा होगा कि उसके पूर्व पति ने उसे पेड़ से बांध दिया है। इससे पहले पीड़ित महिला ने लिखित बयान में बताया था कि उसने तमिलनाडु के एक शख्स से शादी की थी। उसके पति ने उसे इंजेक्शन लगाया और फिर उसे यहां लाकर जंगल में पेड़ से बांध दिया। इसके बाद उसका पति वहां से चला गया और महिला को वहीं पर छोड़ दिया। महिला ने पुलिस को लिखित बयान में बताया था कि वो 40 दिन से बिना खाए जंगल में थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button