गाज़ियाबाद में पत्नी प्रताड़ना से परेशान युवक ने की आत्महत्या
खुदकुशी कमामले में पत्नी समेत छह पर केस दर्ज

गाज़ियाबाद (मोदीनगर) : पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर मोदीनगर के कृष्णापुरी निवासी मोहित त्यागी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने वॉट्सएप पर अपने परिचितों को संदेश भेजकर पत्नी की प्रताड़ना की पूरी कहानी साझा की और अपनी मौत के लिए पत्नी और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया।
परिजनों ने पत्नी प्रियंका त्यागी समेत छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। भाई राहुल त्यागी ने बताया कि मोहित प्रियंका की प्रताड़ना के कारण तनाव में चल रहे थे। मोहित ने जहरीले पदार्थ का सेवन करने से पूर्व पत्नी प्रताड़ना के कारण खुदकुशी करने का आरोप लगाते हुए अपने परिचितों को वाट्सअप पर सुसाइड नोट भेजा था।
कृष्णापुरा कॉलोनी निवासी मोहित त्यागी एक निजी कंपनी में आईटी इंजीनियर थे। भाई राहुल त्यागी ने बताया कि दिसंबर 2020 में मोहित की शादी जनपद संभल निवासी प्रियंका त्यागी के साथ हुई थी। एक साल बाद उन्हें बेटा पैदा हुआ। आरोप है कि प्रियंका शादी के बाद से ही लगातार मोहित और ससुराल वालों को प्रताड़ित करने लगी। कई बार समझौता भी हुआ मगर उसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। प्रियंका मोहित को प्रताड़ित करती रही।
बीते वर्ष नवंबर 2024 में प्रियंका ससुराल से लाखों के गहने और 35 हजार की नकदी लेकर मायके चली गई। आरोप है कि प्रियंका मोहित और अन्य ससुराल वालों को दहेज के झूठे मुकदमें में जेल भिजवाने की लगातार धमकी दे रही थी।
मोहित ने गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर से मामले की लिखित शिकायत की थी मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। राहुल त्यागी ने बताया कि बीते मंगलवार को जनपद संभल के थाना ऐचौड़ा कम्बोह के उपनिरीक्षक ने पिता जयप्रकाश त्यागी के मोबाइल पर कॉल कर बताया कि आपकी पुत्र वधू प्रियंका ने मोहित और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न में लिखित शिकायत दी है।
कॉलकर्ता उपनिरीक्षक ने मोहित समेत सभी ससुराल वालों को ऐचौड़ा कम्बोह थाने आने के लिए कहा। जैसे ही इसकी जानकारी मोहित को लगी तो वह तनाव में आ गए। उसी दिन दोपहर में मोहत ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजन उसे नगर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन मोहित को दिल्ली ले गए थे। वहां उपचार के दौरान मोहित की मौत हो गई।
एसीपी मोदीनगर ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि राहुल त्यागी की तहरीर के आधार पर पत्नी प्रियंका उसके भाई पुनीत त्यागी ,भाभी नीतू त्यागी ,मामा अनिल त्यागी और विशेष त्यागी व एक अन्य के खिलाफ खुदकुशी को उकसाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।