रूस को हथियार सप्लाई कर रहा उत्तर कोरिया, दक्षिण कोरिया के पास पुख्ता सबूत

सियोल: दक्षिण कोरिया के रक्षा मंत्री शिन वोन-सिक ने कहा कि उनके देश को पुख्ता सबूत मिले हैं कि यूक्रेन युद्ध में रूस के इस्तेमाल किए गए हथियार अवैध रूप से उत्तर कोरिया से आयात किए गए थे। शिन ने कहा कि “रूस और उत्तर कोरिया के बीच सैन्य सहयोग” कोरियाई प्रायद्वीप पर तनाव बढ़ा रहा है और “यूरोप में युद्ध के मैदान को भी प्रभावित कर रहा है।” शिन ने कहा कि अगर उत्तर कोरिया को बदले में रूस से सैन्य प्रौद्योगिकी हस्तांतरण मिलता रहता है, तो उत्तर कोरिया की पारंपरिक सैन्य क्षमता में महत्वपूर्ण सुधार एक आसन्न जोखिम है।
अमेरिका ने भी उत्तर कोरिया पर लगाया है आरोप
अमेरिका ने फरवरी में कहा था कि उत्तर कोरिया ने सितंबर से रूस को 10,000 से अधिक गोला-बारूद और हथियारों से संबंधित कंटेनर वितरित किए हैं। मास्को और प्योंगयांग दोनों ने इस आरोप का खंडन किया है कि उत्तर कोरिया ने यूक्रेन के खिलाफ इस्तेमाल के लिए रूस को हथियार हस्तांतरित किए हैं। मरीन ट्रैफिक पर नजर रखने वाली एजेंसियों ने भी उत्तर कोरिया और रूस के बीच कई शिपमेंट का पता लगाया है। इसके अलावा रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि रूस ने इन हथियारों के बदले उत्तर कोरिया को बड़े पैमाने पर ईंधन की सप्लाई की है।
क्या दक्षिण कोरिया बनाएगा परमाणु हथियार?
शिन ने कोरियाई प्रायद्वीप पर परमाणु निरस्त्रीकरण पर चीन से अधिक सक्रिय भूमिका निभाने का भी आह्वान किया। दक्षिण कोरिया अपने परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर सकता है या नहीं? इस सवाल पर शिन ने कहा कि दक्षिण कोरिया वैश्विक अप्रसार संधि (एनपीटी) व्यवस्था पर भरोसा करता है और उत्तर कोरिया के परमाणु विकास का जवाब एक मजबूत अमेरिकी-दक्षिण कोरियाई गठबंधन है। शिन सिंगापुर में चल रहे एशिया के सबसे बड़े रक्षा मंच शांगरी-ला डायलॉग के दौरान बोल रहे थे। यह कार्यक्रम 2 जून को समाप्त होगा।