एनडीए को भारी बढ़त, तो अब अपना सिर मुंडवायेंगे AAP नेता सोमनाथ भारती?

सोमनाथ भारती: पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो वो अपना सिर मुंडवा लेंगे

दिल्ली : लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद अब सभी की नजरें 4 जून पर टिकी हैं। इससे पहले एग्जिट पोल में एनडीए को बहुमत मिलता दिख रहा है। दिल्ली में भी एनडीए अपना शानदार प्रदर्शन दोहराता नजर आ रहा है। इस बीच एग्जिट पोल नतीजों को लेकर आम आदमी पार्टी की तरफ से प्रतिक्रिया आई है। आम आदमी पार्टी के नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र से उम्मीदवार सोमनाथ भारती ने बड़ा दावा किया है। आप नेता का कहना है कि यदि पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने तो वो अपना सिर मुंडवा लेंगे।

आप विधायक सोमनाथ भारती ने ट्वीट में लिखा, अगर मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते हैं तो मैं अपना सिर मुंडवा लूंगा। मेरी बात याद रखना! उन्होंने आगे लिखा, 4 जून को सभी एग्जिट पोल गलत साबित होंगे और मोदी जी तीसरी बार प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे। सोमनाथ भारती ने कहा कि दिल्ली में सभी सात सीटें इंडिया एलायंस को मिलेंगी। उन्होंने कहा कि मोदी के डर से एग्जिट पोल उन्हें हारते हुए नहीं दिखा सकते। इसलिए हम सभी को 4 जून को आने वाले वास्तविक नतीजों का इंतजार करना चाहिए। लोगों ने बीजेपी के खिलाफ बहुत भारी मतदान किया है। मेरी बात याद रखना!

क्या कह रहा एग्जिट पोल?
इंडिया टीवी-सीएनएक्स एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक, दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन असफल होता दिख रहा है। बीजेपी यहां सभी सात सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। दूसरी तरफ, इंडिया टुडे – एक्सिस माय इंडिया एग्जिट पोल के मुताबिक दिल्ली में बीजेपी को इस बार एक सीट का नुकसान हो सकता है। एग्जिट पोल में अनुमान लगाया गया है कि दिल्ली में बीजेपी को 54% वोट मिल सकता है जबकि विपक्षी गठबंधन को 44% वोट मिल रहा है। पिछले दो लोकसभा चुनाव (2014 और 2019) में बीजेपी ने सभी सात सीटों पर जीत दर्ज की थी। इस बार आम आदमी पार्टी और कांग्रेस मिलकर चुनाव लड़े थे। आप ने 4 और कांग्रेस ने तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button