गुजरात में गरजे राहुल गांधी, कार्यकर्ताओं पर भरा जोश

कहा- कांग्रेस ही संघ और भाजपा को हरा सकती है

मोदासा (गुजरात) : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को गुजरात में अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। उन्होंने कहा कि गुजरात में पार्टी के कार्यकर्ता हतोत्साहित नजर आ रहे हैं, लेकिन केवल उनकी पार्टी ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा को हरा सकती है।

एक सप्ताह में गुजरात की अपनी दूसरी यात्रा पर लोकसभा में विपक्ष के नेता ने आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रतिबद्धता जताई कि कांग्रेस हार नहीं मानेगी। भाजपा को हराने के लिए हम दिन रात एक कर देंगे। जो कार्यकर्ता बूथ पर मजबूत है, हम उसका साथ देंगे। भाजपा के पश्चिमी राज्य पर लगभग 30 वर्षों के शासन को खत्म कर देंगे।

उन्होंने गुजरात को (जहां कांग्रेस कभी एक शक्तिशाली राजनीतिक ताकत थी) विपक्षी पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्य बताया। राहुल गुजरात में संगठन को नया रूप देने के लिए जिला इकाइयों को मजबूत करने की एक पायलट परियोजना शुरू करने के बाद अरवल्ली जिले के मोडासा शहर में बूथ स्तर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। गुजरात में 2027 के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

राहुल ने कहा, ‘गुजरात कांग्रेस पार्टी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्य है। हम गुजरात में हतोत्साहित दिखते हैं, लेकिन हम भाजपा को राज्य में हरा देंगे। मैं यहां आपको यह बताने के लिए हूं कि यह मुश्किल नहीं है। हम निश्चित रूप से यह कार्य पूरा करेंगे। केवल कांग्रेस पार्टी ही आरएसएस और भाजपा को हरा सकती है।’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button